एयरपोर्ट टनल निर्माण के लिए काट दी सड़क, ग्रामीणों को परेशानी, जान जोखिम में डालकर आवागमन को लोग मजबूर
वाराणसी। बाबतपुर इलाके में वाराणसी एयरपोर्ट विस्तारीकरण योजना के तहत चल रहे टनल निर्माण कार्य ने आसपास के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। नेशनल हाईवे एथॉरिटी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि टनल निर्माण के लिए गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क काट दी गई, लेकिन अब तक वैकल्पिक सर्विस लेन नहीं बनाई गई है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव और मुख्य मार्ग के बीच करीब 25 मीटर सड़क को टनल निर्माण के लिए काट दिया गया है। सड़क कटने के बाद अब लोगों को महज तीन फीट चौड़े रास्ते से बड़े गड्ढे के किनारे होकर गुजरना पड़ रहा है। इस संकरे रास्ते से बाइक, साइकिल और अन्य छोटे वाहन किसी तरह निकल रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां गांव से मुख्य सड़क तक पहुंचने में कुछ मिनट लगते थे, वहीं अब केवल 25 मीटर की दूरी तय करने के लिए करीब तीन किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार नेशनल हाईवे एथॉरिटी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय ग्रामीण अनूप कुमार वर्मा और किरण पांडे ने बताया कि दर्जनों गांवों के लोग कई महीनों से इस समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार बढ़ रही परेशानी के कारण ग्रामीणों में एथॉरिटी के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

