नगर निगम के विशेष कैंप में पहले दिन जमा हुआ 20 लाख रुपये राजस्व, चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम द्वारा चिकित्सा संस्थानों और चिकित्सकों की सुविधा के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष कैंप के पहले दिन उत्साहजनक प्रतिक्रिया देखने को मिली। आईएमए भवन स्थित डॉ. बीसी रॉय हॉल में लगाए गए इस विशेष शिविर में पहले ही दिन 19.86 लाख रुपये का राजस्व जमा हुआ। कैंप का उद्घाटन महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया।

नगर निगम की ओर से आयोजित इस विशेष शिविर का उद्देश्य चिकित्सा संस्थानों, अस्पतालों और चिकित्सकों को लाइसेंस शुल्क एवं अन्य करों के भुगतान की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। पहले दिन कुल 95 चिकित्सा संस्थानों ने अपना लाइसेंस शुल्क जमा किया, जिससे निगम को लगभग 10 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। वहीं 97 चिकित्सकों ने करीब 9.86 लाख रुपये का लाइसेंस शुल्क जमा किया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शिविर में चिकित्सकों और संस्थानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

123

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि यह विशेष कैंप 26 मई तक जारी रहेगा और संबंधित संस्थान इसका लाभ उठाकर अपने लाइसेंस तथा अन्य कर समय से जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम करदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई विशेष छूट योजनाएं भी चला रहा है।

नगर निगम द्वारा 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवर कर जमा करने पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। इसके अलावा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑनलाइन टैक्स जमा करने वाले भवन स्वामियों को 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट भी प्रदान की जा रही है। इस प्रकार ऑनलाइन माध्यम से टैक्स जमा करने पर कुल 12 प्रतिशत तक की राहत मिल रही है।

123

नगर आयुक्त ने बताया कि सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पद्म पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों को गृहकर, जलकर और सीवर कर में 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ ही जिन करदाताओं ने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच टैक्स जमा किया था, उनकी छूट की राशि अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित किए जाने का आश्वासन भी दिया गया है। नगर निगम अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि कैंप के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में चिकित्सा संस्थान और चिकित्सक पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएंगे।

Share this story