वाराणसी में स्मार्ट मीटर बदलने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित, उपभोक्ताओं को राहत
वाराणसी। बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बिजली निगम ने स्मार्ट मीटर बदलने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है। यह निर्णय स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट आने तक लागू रहेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, समिति की सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्यवाही तय की जाएगी।
निगम ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कुछ महत्वपूर्ण राहतें भी घोषित की हैं। एक किलोवाट से अधिक और दो किलोवाट तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन 200 रुपये तक निगेटिव बैलेंस होने या तीन दिन की अतिरिक्त समय सीमा के भीतर नहीं काटा जाएगा। इसके अलावा, बिजली काटने के समय को लेकर भी नए नियम लागू किए गए हैं। अब शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक, रविवार और राजपत्रित अवकाश के दिन किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
उपभोक्ताओं को समय पर रिचार्ज करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु बिजली दरों में 2 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। वहीं, एक किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं को बैलेंस निगेटिव होने की स्थिति में 30 दिन का अतिरिक्त समय मिलेगा, जिससे वे बिना किसी दबाव के अपना बकाया जमा कर सकें। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी कारणवश निगेटिव बैलेंस के बावजूद कनेक्शन काट दिया जाता है, तो रिचार्ज करने के बाद अधिकतम दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
वाराणसी में अब तक 1 लाख 87 हजार 247 प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। विभाग ने बताया कि आगे लगाए जाने वाले सभी मीटर पहले से ही कॉन्फिगर होकर आएंगे, जिससे तकनीकी दिक्कतों की संभावना कम होगी। साथ ही, पुराने मीटर बदलने के दौरान उपभोक्ताओं की जमा राशि को या तो बकाया बिल में समायोजित किया जाएगा या उनके प्रीपेड बैलेंस में जोड़ दिया जाएगा। इस फैसले से उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर उन लोगों को जो स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे थे।

