भीषण गर्मी में राहत: मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने विभिन्न स्थानों पर वाटर कूलर उपलब्ध कराए

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आम लोगों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने सोमवार को अपने उत्तरी विधानसभा क्षेत्र कार्यालय से विभिन्न सार्वजनिक स्थलों के लिए निःशुल्क वाटर कूलर वितरित किए।

123

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में राहगीरों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सामाजिक दायित्व है। इसी सोच के तहत विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इस अभियान के तहत राम जानकी मंदिर शिवपुर, रामलीला मैदान चौकाघाट, सारंग चौराहा, आशापुर चौराहा, बड़ी बाजार स्थित सेंट्रल बैंक परिसर, शैलपुत्री तिराहा स्थित हनुमान मंदिर, पंचकोसी चौराहा तथा जलालीपुरा स्थित शंभो माता मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर वाटर कूलर उपलब्ध कराए गए। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, जिससे हजारों नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था लोगों के लिए काफी राहतकारी साबित होगी।

इस अवसर पर डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, पूर्व मंडल अध्यक्ष सिद्धनाथ शर्मा, कमलेश सोनकर, अजीत सिंह, विभिन्न वार्डों के पार्षदों सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share this story