अंजनीपुरम कॉलोनी में जलभराव से राहत: 29 लाख की पाइपलाइन परियोजना का शिलान्यास
वाराणसी। नगर निगम शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसी क्रम में रविवार को सुंदरपुर स्थित अंजनीपुरम कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने यहां भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

करीब 29.16 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत 481 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य के पूरा होने के बाद कॉलोनी में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से क्षेत्रीय लोग बारिश के दौरान जलभराव से परेशान थे, जिससे आवागमन बाधित हो जाता था और दैनिक जीवन प्रभावित होता था।
शिलान्यास के मौके पर महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के हर वार्ड और गली तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में वाराणसी को व्यवस्थित और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए कई विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। अंजनीपुरम् कॉलोनी में पाइपलाइन बिछने से न केवल जलभराव की समस्या दूर होगी, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।

परियोजना के तहत आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे गंदे पानी की निकासी सीधे मुख्य नाले तक पहुंच सकेगी। इससे क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति समाप्त होगी और लोगों को राहत मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि हल्की बारिश में भी कॉलोनी में पानी भर जाता था, जिससे आने-जाने में काफी दिक्कत होती थी। इस परियोजना से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद शेषमणि देवी, भाजपा महानगर मंत्री जगदीश त्रिपाठी, पार्षद गोपाल जी, श्याम आसरे मौर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष (किसान मोर्चा) दीपकर, देवाशीष पटेल, मनोज भारती, अनिल, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

