वाराणसी में जाम से राहत की कवायद, प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और रोजाना लग रहे लंबे जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खासतौर पर ककरमत्ता-लहरतारा मार्ग और रामनगर से सामनेघाट पुल तक के रास्तों पर सुबह और शाम के समय वाहनों की भारी भीड़ के चलते आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इन संवेदनशील मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ट्रैफिक विभाग द्वारा शहर के कई प्रमुख जाम प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां लगातार निगरानी रखी जाएगी। बौलिया इलाके में चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि लहरतारा आरओबी के पास दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसी तरह ककरमत्ता क्षेत्र में भी दो पुलिसकर्मियों को यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुंदरपुर इलाके में भी ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, ताकि व्यस्त समय में वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।

रामनगर से सामनेघाट पुल तक का मार्ग इन दिनों सबसे अधिक जाम प्रभावित इलाकों में शामिल हो गया है। प्रतिदिन इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को घंटों तक जाम में फंसना पड़ रहा है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यहां विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। अब इस पूरे मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त कराई जाएगी और जहां भी जाम की स्थिति बनेगी, वहां तत्काल यातायात को नियंत्रित करने की कार्रवाई की जाएगी।

यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारी भी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। दो दिन पहले एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने स्वयं ककरमत्ता, लहरतारा और अन्य जाम प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे अवैध पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश भी जारी किए गए।

ट्रैफिक विभाग का कहना है कि शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण प्रमुख मार्गों पर दबाव अधिक हो गया है। ऐसे में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़ा न करें और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें, ताकि शहर को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Share this story