वाराणसी में एयर शो का रिहर्सल शुरू, जैगुआर लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंजा आसमान  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस (8 अक्टूबर) के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी सिलसिले में शनिवार सुबह तीन जैगुआर लड़ाकू विमानों ने वाराणसी के आसमान में रिहर्सल किया। गंगा के ऊपर एक साथ उड़ान भरते विमानों की गर्जना ने शहर के लोगों में उत्साह और रोमांच का माहौल बना दिया।

तीनों जैगुआर विमानों ने बाबतपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों और नमो घाट के ऊपर निर्धारित उड़ान मार्ग पर अभ्यास किया। सुबह करीब 11 बजे के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने आसमान में इन लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन देखा। अचानक गूंजती गर्जना सुनकर लोग घरों और सड़कों से बाहर निकल आए और आसमान की ओर निहारते रहे।

रिहर्सल के दौरान नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं और उड़ान मार्ग का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर घाट और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल भी तैनात रहा। अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद अधिकारियों ने इसे आगामी एयर शो की तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण बताया। 

भारतीय वायुसेना की ओर से 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस एयर शो में राफेल लड़ाकू विमान, 'सूर्य किरण' एरोबेटिक टीम सहित 100 से अधिक विमान अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में विभिन्न प्रकार के विमानों के साथ और भी रिहर्सल किए जाएंगे, ताकि आयोजन को पूरी तरह सुरक्षित और सफल बनाया जा सके। यह एयर शो काशीवासियों के लिए भारतीय वायुसेना के साहस, क्षमता और आधुनिक सैन्य शक्ति का भव्य प्रदर्शन होगा।

Share this story