बुनकरों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी, प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने लोहता में निःशुल्क शिविर का किया शुभारंभ, आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बुनकरों को काम के दौरान होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। बुनकर अपने स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह का संकोच न करें और समय-समय पर जांच कराते रहें। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह बात प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को लोहता में आयोजित निःशुल्क बुनकर स्वास्थ्य जांच शिविर के शुभारंभ के दौरान कही।

प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सीआईआई (कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री) के सहयोग से आयोजित यह शिविर बुनकर समाज के लिए उपयोगी पहल है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुनकरों के स्वास्थ्य को लेकर आयोजित इस शिविर से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।

123

उन्होंने कहा कि वाराणसी में एक लाख से अधिक बुनकर हैं। लंबे समय तक बुनकरी के कार्य में लगे रहने के कारण शरीर से जुड़ी कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने बुनकरों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर में गेट्स फाउंडेशन, मेदांता, बीएचयू, आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल और टाटा 1एमजी ने भी सहयोग किया। मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित शिविर में मौजूद सभी बुनकरों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

123

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने लोहता स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और मेडिकल टीम से मरीजों को मिल रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. एनपी सिंह, दिल्ली एम्स के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया समेत अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this story