अब रविवार को भी खुले रहेंगे निबंधन कार्यालय, सुगम होंगी पंजीकरण सेवाएं
वाराणसी। पंजीकरण सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से अब निबंधन कार्यालयों का संचालन रविवार को भी किया जाएगा। महानिरीक्षक निबंधन के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे आम लोगों को दस्तावेज पंजीकरण में सहूलियत मिल सके।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन धीरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि सदर के उप निबंधक कार्यालयों में 19 अप्रैल से लेखपत्र पंजीकरण सेवाओं की अवधि में आंशिक विस्तार किया गया है। इसके तहत प्रत्येक रविवार को रोस्टर के अनुसार कार्यालय संचालित होंगे।
नए प्रावधान के अनुसार, उप निबंधक सदर द्वितीय कार्यालय प्रत्येक कार्यदिवस को दोपहर 1:00 बजे से रात 8:00 बजे तक खुलेगा। वहीं सदर द्वितीय उपनिबंधक कार्यालय में दस्तावेज पंजीकरण के लिए अपॉइंटमेंट दोपहर 1:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि उप निबंधक सदर प्रथम कार्यालय माह के प्रथम एवं चतुर्थ रविवार को खुलेगा, जबकि आगामी सप्ताह के शनिवार को बंद रहेगा। इसी प्रकार सदर द्वितीय कार्यालय माह के द्वितीय रविवार को संचालित होगा और संबंधित शनिवार को अवकाश रहेगा।
जरूरत पड़ने पर सदर तृतीय कार्यालय माह के पांचवें रविवार को भी खोला जा सकता है। वहीं सदर चतुर्थ कार्यालय माह के तृतीय रविवार को खुलेगा और उसके बाद वाले शनिवार को बंद रहेगा। इस नई व्यवस्था से लोगों को सप्ताहांत में भी पंजीकरण कार्य कराने का अवसर मिलेगा, जिससे भीड़ कम होगी और प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।

