वाराणसी में बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 500 वाहनों का रजिस्ट्रेशन होगा निरस्त, डीएम ने मीटिंग में दिए सख्त निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, दुर्घटनाएं कम करने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 500 वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की तैयारी है। 

बैठक में हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान को और अधिक सख्ती से चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने शहर के ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए वहां त्वरित सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्कूल वाहनों और ई-रिक्शा संचालन की नियमित जांच करने तथा पेट्रोल पंपों से निकलने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

123

जिलाधिकारी ने अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण को जाम की बड़ी वजह बताते हुए इनके खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। कैंट बस स्टेशन क्षेत्र में रोडवेज बसों की वजह से लगने वाले जाम को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम बनाकर स्थायी समाधान निकालने को कहा गया।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 500 वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चालान की कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि लोग स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करें।

हाईवे और प्रमुख चौराहों पर एम्बुलेंस एवं इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को हाईवे से जुड़े मार्गों पर सर्विस रोड और स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सके। बैठक में डीएसओ और डीसीपी को यातायात सुरक्षा की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा और जाम से राहत दिलाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

Share this story