एमबीए में प्रवेश के लिए 30 जून तक पंजीकरण, काशी विद्यापीठ की महत्वपूर्ण खबरें पढिए

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रबंधशास्त्र अध्ययन संस्थान में संचालित एमबीए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। संस्थान के निदेशक प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के पास CUET PG-2025 का स्कोर कार्ड है, उन्हें प्रवेश की प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट gkvpadmission.samarth.edu.in पर जाकर एडमिशन काउंसलिंग फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। प्रो. शुक्ल ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता की जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की समस्या न हो। काउंसलिंग शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा और यह शुल्क नॉन-रिफंडेबल है। संस्थान में एमबीए पाठ्यक्रम के लिए कुल 132 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

काशी विद्यापीठ में शोध प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, 4 मई को परीक्षा

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 की शोध प्रवेश परीक्षा (पीएचडी) के लिए प्रवेश-पत्र गुरुवार को ऑनलाइन जारी कर दिए गए हैं। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा 4 मई को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह परीक्षा विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर सहित वाराणसी के तीन विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न होगी। अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर डाउनलोड कर सकते हैं। कुलसचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण निर्देश, परीक्षा केन्द्र का विवरण तथा अन्य आवश्यक जानकारी प्रवेश-पत्र पर अंकित है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पूर्व अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।


काशी विद्यापीठ में इग्नू नवप्रवेशी छात्रों का परिचय कार्यक्रम आयोजित
 

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए परिचय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में हुआ, जहां विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को इग्नू की शैक्षणिक व्यवस्था और प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप क्षेत्रीय निदेशक डॉ. श्रवण कुमार पाण्डेय एवं विशिष्ट अतिथि समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह रहीं। अध्यक्षता करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश चंद्र यादव ने छात्रों को इग्नू की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम संरचना और अध्ययन पद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इग्नू दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संस्थान है, जो विद्यार्थियों को लचीले ढंग से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। छात्रों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने की सलाह दी गई। इस अवसर पर अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. वरुण कुमार ने भी छात्रों का मार्गदर्शन किया और परीक्षा, असाइनमेंट तथा अध्ययन सामग्री से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में कार्यालय सहायक अनूप दुबे सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Share this story