सारनाथ में तीन दिन तक होंगे भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों के दुर्लभ दर्शन, नौ देशों से आएंगे अनुयायी

WhatsApp Channel Join Now

22 से 24 नवंबर तक मूलगंध कुटी विहार में सुबह छह से 11 बजे तक मिलेगा दर्शन का अवसर

15 हजार दीपों से जगमगाएंगे बौद्ध मंदिर, 24 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

वाराणसी। भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में देश-विदेश के श्रद्धालुओं को उनके पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन का दुर्लभ अवसर मिलेगा। 22 से 24 नवंबर तक मूलगंध कुटी विहार में भगवान बुद्ध के करीब ढाई हजार वर्ष पुराने अस्थि अवशेष श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखे जाएंगे। तीनों दिन सुबह छह से 11 बजे तक दर्शन किए जा सकेंगे। इस आयोजन में नौ देशों के बौद्ध भिक्षु और अनुयायी शामिल होंगे। वहीं, 22 नवंबर से कार्तिक पूर्णिमा तक सारनाथ के विभिन्न बौद्ध मंदिर 15 हजार दीपों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से जगमगाएंगे।

महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के सचिव भंते आर. सुमितानंद थेरो ने बताया कि मंदिर के वार्षिकोत्सव पर भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों की परंपरागत पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद उन्हें गर्भगृह से निकालकर मंदिर के मध्य में सुसज्जित आसन पर स्थापित किया जाएगा। करीब 1600 वर्ष पुरानी इन पवित्र अस्थियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

22 को कठिन चीवर दान उत्सव, 23 को भिक्षु महासम्मेलन
धम्म लर्निंग संस्थान के संस्थापक भिक्षु विद्विद्या थेरो ने बताया कि 22 नवंबर को कठिन चीवर दान उत्सव के साथ संवाद, भोजनदान और धम्म सभा का आयोजन होगा। इसमें बौद्ध भिक्षु भगवान बुद्ध के करुणा और मैत्री के संदेश का प्रसार करेंगे। विश्व में शांति और सौहार्द की स्थापना के लिए महापरित्राण पाठ भी किया जाएगा। 23 नवंबर को भिक्षु महासंघ का कठिन महासम्मेलन आयोजित होगा।

24 को निकलेगी अस्थि अवशेषों की शोभायात्रा
कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को दोपहर 12 बजे पवित्र अस्थि पात्र और अस्थियों की मंजूषा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह मूलगंध कुटी विहार से सारनाथ चौराहा, संग्रहालय, अशोक स्तंभ, आजीविका मार्ग और प्राचीन स्मारक स्थल होते हुए वापस विहार पहुंचेगी। शोभायात्रा में बौद्ध भिक्षुओं, उपासक-उपासिका मंडलियों और स्कूली बच्चों की भागीदारी रहेगी।


नौ देशों के भिक्षु और अनुयायी होंगे शामिल
आयोजन में थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, श्रीलंका, जापान, भूटान, तिब्बत और नेपाल सहित विभिन्न देशों से बौद्ध भिक्षु और अनुयायी पहुंचेंगे। इसके अलावा झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों से श्रद्धालु शामिल होंगे। मूलगंध कुटी विहार सहित श्रीलंका, जापान, थाईलैंड, वियतनाम और कंबोडिया के बौद्ध मंदिरों को विद्युत झालरों से सजाया गया है। मंदिरों में पंचशील के झंडे लगाए गए हैं और दीपदान की तैयारियां की गई हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21895 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story