Ramnagar ki ramlila 2023 : मारे गए कुम्भकरण और मेघनाद, रावण हुआ मूर्छित, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा मेला क्षेत्र 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कहते हैं कि जब विपत्ति आती है तो आदमी की मति पहले ही गुम हो जाती है। रावण के साथ तो यही हुआ भी। अहंकार के दानव ने उसको इतना आकंठ घेर लिया कि प्रभु श्रीराम से ही बैर ले बैठा। मंदोदरी, विभीषण और यहां तक कि कुंभकरण ने भी समझाया लेकिन विनाश काले विपरीत बुद्धि। सब कुछ खो बैठा रावण। भाई, बंधु, कुटुंब, रिश्तेदार, नातेदार सब। जब मेघनाद भी काल की भेंट चढ़ गया तो वह मूर्छित ही हो गया। रामलीला के 24वें दिन रावण के दूत बताते है कि लक्ष्मण की मूर्छा समाप्त हो गई है। 

vns

रावण अपनी सेना की पराजय देख अपने भाई कुंभकरण को अनेकों प्रकार के उपाय लगाकर नींद से जगाता है। कुंभकरण रावण की उदासी का कारण पूछता है तो रावण सारी कहानी बताता है। इस पर कुम्भकरण भी वह उसे धिक्कारते हुए कहता है कि अभी भी अभिमान छोड़ कर राम को भजो तभी भला होगा। तुमने मुझे जगा कर अच्छा नहीं किया। आओ अब आखरी बार गले मिल लूं। अब समय नहीं है। वह युद्ध के लिए रणभूमि में पहुंचा। उसका विशालकाय शरीर देखकर वानर भालू व्याकुल हो उठे। सुग्रीव उससे लड़ते हैं और उसका नाक,कान काट लेते हैं। सेना को व्याकुल देखकर राम खुद कुम्भकरण से युद्ध करते हैं और उसका वध कर देते हैं। उसका कटा सिर लंका में जा गिरा जिसे लेकर रावण दहाड़ मार कर रोने लगा। यह देख कर देवता प्रसन्न होकर पुष्प वर्षा करने लगते हैं। 

vns

रावण को दुःखी देख उसका पुत्र मेघनाथ उसे दिलासा देकर युद्ध के लिए रथ पर चढ़कर आकाश मार्ग से रणभूमि में पहुंचा। वहां अस्त्र शस्त्रों की वर्षा करने लगा। यह देखकर राम की सेना भयभीत हो गई। मेघनाद राम को नागफाश में बांध देता है, तब नारद के निवेदन पर गरुड़ राम को नागपाश से मुक्ति दिलाते हैं। अब राम बाण मारकर मेघनाद को मूर्छित कर देते हैं। मूर्छा टूटने पर वह यज्ञ करने चला जाता है। विभीषण राम को बताते हैं कि यदि उसका यज्ञ पूरा हो जाएगा तो जल्दी मारा नहीं जा सकेगा। राम लक्ष्मण के साथ वानर भालू को भेजकर उसका यज्ञ विध्वंस करा देते हैं। मेघनाथ मायावी वेश बनाकर लक्ष्मण से युद्ध करने लगा। लेकिन इस बार लक्ष्मण ने उसका वध कर दिया। हनुमान उसका शव लंका के द्वार पर रख कर आते हैं। मेघनाद का शव देख रावण मूर्छित हो जाता है। मूर्छा टूटने पर वह मंदोदरी से कहता है कि यह संसार नाशवान है। यह सब प्रपंच ब्रह्मा का किया हुआ है। यहीं पर आरती के बाद लीला को विश्राम दिया जाता है।

vns

Share this story