रामनगर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, राजकिशोर पांडेय को मिली कमान
वाराणसी। यूपी कॉलेज में छात्र हत्याकांड के बाद उत्पन्न तनाव के बीच छात्रों से अभद्रता के मामले में रामनगर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह जल पुलिस प्रभारी राजकिशोर पांडेय को रामनगर थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरअसल, बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की 20 मार्च की सुबह कॉलेज परिसर स्थित सामाजिक विज्ञान संकाय में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मांगों को लेकर छात्र लगातार आंदोलनरत थे। इसी दौरान विशेष ड्यूटी में तैनात थाना प्रभारी दुर्गा सिंह पर छात्रों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा।
घटना से आक्रोशित छात्रों ने मौके पर ही विरोध जताते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। छात्रों ने वरुणा जोन के एडीसीपी को कॉलेज परिसर में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि जब पुलिस छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार कर रही है, तो आम जनता के साथ कैसा व्यवहार होता होगा।
बताया जा रहा है कि रामनगर थाना क्षेत्र में पहले से ही फरियादियों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भी असंतोष था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक आधार पर थाना प्रभारी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।

