ऑपरेशन चक्रव्यूह में रामनगर पुलिस को मिली कामयाबी, चोरी की बाइक और मोबाइल के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में रामनगर थाना पुलिस ने 30 जून 2026 की रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर चोरी के मोबाइल फोन लेकर कटरिया की ओर से ढुंढिराज पुलिया की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से पांच मोबाइल फोन और एक चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में पहले से ही रामनगर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र स्थित पुसौली गांव निवासी 20 वर्षीय सत्यनारायण और 22 वर्षीय गोल्डी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) और 317(5) के तहत नया मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वाराणसी शहर में घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि राह चलते लोगों की जेब से मोबाइल फोन निकालना उनका मुख्य तरीका था। चोरी के बाद वे सामान को कम कीमत पर बेच देते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि बरामद मोटरसाइकिल उन्होंने कुछ महीने पहले रामनगर क्षेत्र के अयोध्या मैदान के पास एक गली से चोरी की थी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बरामद मोटरसाइकिल से संबंधित चोरी का मुकदमा पहले से दर्ज है और अब नई बरामदगी के आधार पर एक अन्य मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों ने शहर के अन्य इलाकों में कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और उनके गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, देवेन्द्र गुप्ता, पंकज कुमार मिश्रा, मनीष मौर्य सहित रामनगर थाना और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this story