Ramnagar ki Ramlila: दूसरे दौर की परीक्षा के बाद होगा रामलीला के मुख्य स्वरूपों का अंतिम चयन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर की विश्वप्रसिद्ध रामलीला के लिए मुख्य स्वरूपों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 25 सितंबर से शुरू होने वाली रामलीला के लिए अगले रविवार को रामनगर किले में मुख्य स्वरूपों की दूसरी एवं अंतिम स्वर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी परीक्षा के बाद भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और सीता सहित प्रमुख स्वरूपों का अंतिम चयन किया जाएगा।

पहले चरण की स्वर परीक्षा शुक्रवार को रामनगर किले में आयोजित की गई थी। इसमें वाराणसी, चंदौली और मिर्जापुर जनपदों से आए दो दर्जन से अधिक बाल कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किले के जवाहिरखाने की छत पर आयोजित इस परीक्षा में काशीराज परिवार के अनंत नारायण सिंह की मौजूदगी में बच्चों से श्लोक एवं रामचरितमानस की चौपाइयों का पाठ कराया गया।

परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों की आवाज, उच्चारण, कंठ की मधुरता तथा बाल सुलभ अभिनय क्षमता का बारीकी से परीक्षण किया गया। पहले चरण में सफल अभ्यर्थियों को दूसरे दौर की परीक्षा के लिए चुना गया है। अंतिम चयन दूसरी परीक्षा के बाद किया जाएगा।

रामनगर किला प्रशासन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण पहले चरण में सभी बच्चों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी थी। इसी कारण अब दूसरे दौर की परीक्षा के उपरांत ही रामलीला के मुख्य स्वरूपों का अंतिम चयन घोषित किया जाएगा। विश्वप्रसिद्ध रामनगर रामलीला की परंपरा के अनुरूप चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और धार्मिक गरिमा के साथ संपन्न कराई जा रही है।

Share this story