11 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगी रमना-नरोत्तमपुर सड़क, विधायक ने किया शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीण इलाकों को मजबूत सड़क संपर्क प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने मंगलवार को रमना-नरोत्तमपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 11 करोड़ 08 लाख 43 हजार रुपये की लागत से पूरी की जाएगी।

ग्राम रमना स्थित पटेल चौक (रमना त्रिमुहानी) पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक डॉ. सुनील पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है। बेहतर सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ होती हैं तथा इस परियोजना से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

123

उन्होंने बताया कि रमना-नरोत्तमपुर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से रमना, नरोत्तमपुर, टीकरी, नैपुरा, रहपूरिया घाट तथा मिर्जापुर जनपद के नारायणपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। उपस्थित लोगों ने इस परियोजना को क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र पटेल, अजीत पटेल, आनंद प्रकाश, अभिमन्यु सिंह, मानस सिंह, बसंत लाल पटेल, अखिलेश देवराज, दिनेश पटेल, श्यामबली पटेल, विनोद पटेल, सहायक अभियंता शांतनु सिंह, अवर अभियंता महेंद्र सिंह यादव, राजेश गोना एवं जे.पी. शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this story