वाराणसी में भाजपा की कमान संभालेंगे नये जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, 2027 के चुनाव में कंधे पर होगी बड़ी जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव करते हुए पांच जिलों के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार काशी क्षेत्र के वाराणसी जिले की कमान अब राम सकल पटेल को सौंपी गई है। राम सकल पटेल को वाराणसी भाजपा का नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

ं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में वाराणसी समेत अंबेडकर नगर, चंदौली, गोरखपुर महानगर और देवरिया के जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई। वाराणसी में यह बदलाव ऐसे समय किया गया है जब पूर्व जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा को हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का राज्यमंत्री बनाया गया है।

संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधने की कोशिश
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में जुटी हुई है। हंसराज विश्वकर्मा को सरकार में जिम्मेदारी दिए जाने के बाद संगठन में खाली हुई जगह पर राम सकल पटेल को नियुक्त कर पार्टी ने सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन साधने का प्रयास किया है।

ं

काशी क्षेत्र भाजपा के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है। ऐसे में वाराणसी जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच बेहतर तालमेल कायम रहे।

भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल
राम सकल पटेल के जिलाध्यक्ष बनने की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताई। पार्टी कार्यालय और कार्यकर्ताओं के बीच बधाई संदेशों का दौर शुरू हो गया। समर्थकों का कहना है कि संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने का लाभ उन्हें मिला है और उनके नेतृत्व में पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

ंंं

पांच जिलों में नए जिलाध्यक्ष घोषित
भाजपा द्वारा जारी सूची में अंबेडकर नगर में दिलीप देव पटेल, वाराणसी में राम सकल पटेल, चंदौली में काशीनाथ सिंह, गोरखपुर महानगर में रमेश प्रसाद गुप्ता और देवरिया में काली प्रसाद को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व ने इन नियुक्तियों को संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बताया है।

Share this story