रक्तांचल सीज़न-3' के सितारों ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, नई वेब सीरीज की सफलता का मांगा आशीर्वाद
वाराणसी। चर्चित वेब सीरीज़ 'रक्तांचल' के तीसरे सीज़न के प्रमुख कलाकार निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा गुरुवार को काशी पहुंचे। वाराणसी आगमन के बाद दोनों कलाकारों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और आगामी सीज़न की सफलता के साथ देशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
सुबह मंदिर पहुंचने पर दोनों कलाकार पारंपरिक परिधान में नजर आए। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेककर विशेष पूजा-अर्चना की और कुछ समय मंदिर परिसर में बिताया। दर्शन के बाद उन्होंने काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक विरासत की मुक्त कंठ से सराहना की। कलाकारों ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में आकर उन्हें आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उनका मानना है कि काशी की आध्यात्मिक शक्ति कलाकारों और श्रद्धालुओं, दोनों को नई प्रेरणा प्रदान करती है।

मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने दोनों कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके पहुंचते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई और लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा ने भी प्रशंसकों का अभिवादन करते हुए उनके स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि 'रक्तांचल सीज़न-3' का निर्देशन ऋतम श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा सिद्धार्थ मिश्रा ने लिखी है। वेब सीरीज़ का निर्माण जार मोशन पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है। इस नए सीज़न में क्रांति प्रकाश झा और निकितिन धीर के अलावा करण पटेल, माही गिल, राजेश कुमार और विक्रम कोचर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'रक्तांचल' के पहले दो सीज़न को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित इस वेब सीरीज़ में अपराध, राजनीति, सत्ता संघर्ष और मानवीय रिश्तों की कहानी को दर्शाया गया है। इसी वजह से तीसरे सीज़न को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बार कहानी पहले से अधिक रोमांचक और दमदार होगी।
इन दिनों किसी नई फिल्म, वेब सीरीज़ या बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत अथवा रिलीज़ से पहले कलाकारों के काशी आकर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने की परंपरा लगातार मजबूत होती जा रही है। इसी क्रम में 'रक्तांचल सीज़न-3' के कलाकारों ने भी बाबा विश्वनाथ के चरणों में शीश नवाकर अपनी नई प्रस्तुति की सफलता और दर्शकों के स्नेह की कामना की।

