राजातालाब सड़क हादसा: परिजनों को भड़काने और शव उठाने से रोकने पर बाहरियों पर मुकदमा
वाराणसी। राजातालाब क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा करने और विधिक कार्यवाही में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मृतका के परिजनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना 20 फरवरी की है, जब कैलापुल गांव के पास सड़क दुर्घटना में थाना जंसा क्षेत्र के रैसीपुर निवासी 42 वर्षीय प्रियंका सिंह घायल हो गईं। उन्हें ऑटो चालक द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आराजीलाइन जक्खिनी लाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस अस्पताल पहुंची और विधिक पंचायतनामा की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस के अनुसार पंचायतनामा के दौरान मृतका के परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत थे। इसी बीच 100 से 150 अज्ञात बाहरी लोग अस्पताल पहुंच गए और अनावश्यक हस्तक्षेप करते हुए हंगामा करने लगे। आरोप है कि इन लोगों ने परिजनों को उकसाया, डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों के साथ अभद्रता की तथा करीब पांच घंटे तक शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोके रखा। इस कारण अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं।
पुलिस ने लगातार समझाने का प्रयास किया और आवश्यक नियंत्रणात्मक कदम उठाए। अंततः 21 फरवरी को पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्पात करने और कानून-व्यवस्था बाधित करने वाले बाहरी व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।

