राजर्षी टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में 13 अक्टूबर तक प्रवेश का मौका, वाराणसी समेत सात जिलों के विद्यार्थियों को राहत, 265 अध्ययन केंद्रों पर 64 विषयों में हो रहे ऑनलाइन दाखिले

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय से स्नातक, परास्नातक और अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। विश्वविद्यालय ने जुलाई सत्र में दाखिले की अंतिम तिथि सात अक्टूबर से बढ़ाकर 13 अक्टूबर कर दी है। ऐसे में विद्यार्थियों के पास प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए पांच दिन का समय बचा है। इसके साथ ही पहले किसी कारणवश पढ़ाई अधूरी छोड़ चुके विद्यार्थियों को भी दोबारा पंजीकरण कराकर कोर्स पूरा करने का अवसर दिया गया है।

विश्वविद्यालय के वाराणसी क्षेत्रीय केंद्र से वाराणसी समेत सात जिले जुड़े हैं। इनमें जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र और गाजीपुर शामिल हैं। इन जिलों में विश्वविद्यालय के करीब 265 अध्ययन केंद्र संचालित हैं, जहां विभिन्न पाठ्यक्रमों में विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। प्रवेश की समयसीमा बढ़ने से उन विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे।

64 विषयों में ऑनलाइन प्रवेश
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय ने जुलाई सत्र के छूटे हुए विद्यार्थियों के लिए री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू की है। ऐसे विद्यार्थी, जो किसी कारण से अपना पाठ्यक्रम पूरा नहीं कर सके थे, दोबारा पंजीकरण कराकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस सत्र में 64 विषयों के विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश लिए जा रहे हैं। इसमें 24 परास्नातक कार्यक्रम, छह स्नातक कार्यक्रम, सात डिप्लोमा कार्यक्रम और 10 प्रमाणपत्र कार्यक्रम शामिल हैं।

चार नए विषयों में भी प्रवेश
विश्वविद्यालय ने इस सत्र में चार नए विषयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। इनमें एमए लोक प्रशासन, एमए/एमएससी मैथमेटिक्स, एमएससी जूलॉजी और एमएससी बॉटनी शामिल हैं। इन विषयों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी भी निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

प्रवेश के लिए आईडी जरूरी
डॉ. सिंह के अनुसार, ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने से पहले विद्यार्थियों को अपनी अपार आईडी (APAAR ID), एबीसी आईडी (ABC ID) और यूजीसी डेब आईडी (UGC DEB ID) बनवानी होगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक दस्तावेज और आईडी तैयार कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें।

Share this story