छठ पूजा को लेकर रेलवे प्रशासन अलर्ट : कैंट स्टेशन की सुरक्षा चाक-चौबंद, 180 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
बिहार जाने वाली ट्रेनों में बढ़ी यात्रियों की भीड़, आरपीएफ-जीआरपी की बढ़ी तैनाती
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष टीम गठित, एलईडी स्क्रीन पर दिख रहीं छठ पूजा की तस्वीरें
स्टेशन परिसर में गूंज रहे छठ के पारंपरिक गीत, फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रेलवे स्टेशनों पर भी पर्व का रंग चढ़ने लगा है। वाराणसी जंक्शन (कैंट) और बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। कैंट स्टेशन परिसर में 180 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की सतर्कता बढ़ाने के साथ ही अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशन पर छठ पूजा के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं तो एलईडी स्क्रीन पर पर्व से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की जा रही हैं।

चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। वाराणसी से बिहार जाने वाली ट्रेनों में स्लीपर से लेकर जनरल कोच तक यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। घर लौटने की जल्दबाजी में यात्री ट्रेनों में सीट पाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से विशेष और त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

180 कैमरों से हर गतिविधि पर नजर
वाराणसी जंक्शन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन परिसर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए 180 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इससे भीड़ प्रबंधन के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिल रही है।

सुरक्षा के लिए विशेष टीम गठित
यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ, जीआरपी और अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों की तैनाती बढ़ाई गई है। सुरक्षा कर्मियों को प्लेटफार्म, स्टेशन परिसर और यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना और दुर्घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।







