बीएचयू में जुटेंगे देशभर के रेडियोलॉजी विशेषज्ञ, दो दिन तक नई चिकित्सा तकनीकों पर होगा मंथन

WhatsApp Channel Join Now

आईएमएस में ‘रिकॉन-2026’ का आगाज, एम्स, एसजीपीजीआई, केजीएमयू समेत प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञ करेंगे शिरकत

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में शनिवार, 31 अक्टूबर से रेडियोलॉजी और इमेजिंग के क्षेत्र में देश के प्रमुख विशेषज्ञों का जमावड़ा लगेगा। रेडियोडायग्नोसिस एवं इमेजिंग विभाग के तत्वावधान में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए) के उत्तर प्रदेश चैप्टर का 38वां दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन ‘रिकॉन-2026’ आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देशभर के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के रेडियोलॉजिस्ट, चिकित्सक और शोधकर्ता आधुनिक तकनीकों, रोगों की पहचान और उपचार की नवीनतम विधियों पर विचार-विमर्श करेंगे।

सम्मेलन का आयोजन बीएचयू के इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन (आईयूसीटीई) में होगा। उद्घाटन समारोह शनिवार शाम चार बजे आयोजित किया जाएगा। बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन संखवार सम्मेलन के संरक्षक हैं।

आयोजन अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार सिंह, आयोजन सचिव प्रो. ईशान कुमार और वैज्ञानिक संयोजक प्रो. आशीष वर्मा ने बताया कि सम्मेलन में एम्स नई दिल्ली, एम्स ऋषिकेश, एम्स रायपुर, संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) लखनऊ, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) लखनऊ, निमहांस बेंगलुरु और एसएमएस जयपुर सहित देश के कई प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान तीन सभागारों में वैज्ञानिक व्याख्यान, पैनल चर्चाएं और व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें ब्रेन ट्यूमर और स्ट्रोक की आधुनिक इमेजिंग, लिवर कैंसर का बिना ऑपरेशन उपचार, स्तन कैंसर की जांच, हृदय की एमआरआई और पेट संबंधी रोगों की पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा हड्डियों एवं जोड़ों की इमेजिंग, बच्चों के रोगों की जांच, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), स्पेक्ट्रल सीटी, विकिरण सुरक्षा और पीसीपीएनडीटी अधिनियम से जुड़े पहलुओं पर भी विशेषज्ञ जानकारी साझा करेंगे।

सम्मेलन में केजीएमयू लखनऊ के डॉ. अनित परिहार प्रतिष्ठित पन्नालाल ओरेशन प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही रेजिडेंट डॉक्टरों के शोध पत्र और पोस्टर प्रस्तुतियां होंगी। युवा चिकित्सकों के ज्ञान और कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए रेडियोलॉजी क्विज तथा विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, रिकॉन-2026 चिकित्सकों और शोधकर्ताओं के लिए आधुनिक रेडियोलॉजी तकनीकों से रूबरू होने तथा चिकित्सा निदान की नई संभावनाओं को समझने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इससे विशेषज्ञों के बीच शैक्षणिक संवाद और शोध सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

BK Pathak
BK Pathak

21480 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story