त्रिदेव मंदिर में राधा-कृष्ण का जल विहार बना आकर्षण का केंद्र, फूल बंगले और हिम शिवलिंग के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। त्रिदेव मंदिर में रविवार को भक्ति, आस्था और अद्भुत सजावट का मनोहारी संगम देखने को मिला। वृंदावन की तर्ज पर सजाए गए भव्य फूल बंगले के बीच विशाल झील में फुहारों के साथ सजी राधा-कृष्ण की जल विहार झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। राधा-कृष्ण के साथ राणी सती, सालासर हनुमान और खाटू श्याम प्रभु के चितचोर साज-श्रृंगार के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा।

123

मंदिर परिसर को कोलकाता से आए कुशल मालियों ने विभिन्न प्रकार के देशी और विदेशी फूलों से आकर्षक रूप प्रदान किया। चमेली, जूही, सफेद और गुलाबी कमल, रजनीगंधा, ऑर्किड, गुलाब की पंखुड़ियों, हरी पत्तियों और कामिनी की पत्तियों से पूरे परिसर को सजाया गया। फूलों से तैयार किए गए वृंदावन के फूल बंगले की सजावट देखते ही बन रही थी। फूलों के झूलों पर राणी सती, सालासर हनुमान जी, गणेश जी, खाटू श्याम जी, शिव परिवार, राम दरबार, लक्ष्मी जी और दुर्गा जी के विग्रह विराजमान किए गए थे।

123

मंदिर परिसर में करीब 60 फीट चौड़ी झील तैयार की गई थी। झील के बीच फुहारों के बीच रंग-बिरंगे झूलों पर सजी राधा-कृष्ण की जीवंत जल विहार झांकी श्रद्धालुओं को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। झील में कबूतर, बगुले और हंस विचरण करते दिखाई दिए, जिससे पूरा वातावरण और भी मनोहारी हो गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर परिसर रात में विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

123

हिम शिवलिंग और द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन
आयोजन में हिम शिवलिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं को हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए बर्फ की सिल्लियों से होकर गुजरना पड़ा। मंदिर के परिक्रमा पथ पर करीब 300 बर्फ की सिल्लियां बिछाई गई थीं। वहीं फर्श पर गुलाब की पंखुड़ियां बिछाए जाने से वातावरण में फूलों की भीनी खुशबू और बर्फ की शीतलता का अनूठा एहसास श्रद्धालुओं को हुआ।

123

परिसर में हरियाली की छटा के बीच झरनों की फुहार के नीचे द्वादश ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की भी व्यवस्था की गई थी। कामिनी की पत्तियों, रजनीगंधा, ऑर्किड और गुलाब की पंखुड़ियों से बनाई गई गुफा भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रही। गुफा और फूल बंगले की सुंदर सजावट देखने के लिए देर तक भक्तों की भीड़ लगी रही।

123

छप्पन भोग अर्पित, भक्तों में प्रसाद का वितरण
आयोजन के दौरान त्रिदेव मंदिर राणी सती श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से राणी सती, सालासर हनुमान और खाटू श्याम प्रभु समेत देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष भरत सराफ और मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल ने संयुक्त रूप से विग्रहों की पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया और प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया।

123

भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु देर तक झांकियों के दर्शन करते रहे। जल विहार की झांकी, फूलों की खुशबू, झरनों की फुहार, हिम शिवलिंग की शीतलता और भक्ति संगीत ने पूरे मंदिर परिसर को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।

123

आयोजन को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष भरत सराफ, मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल, अनूप सराफ, सुरेश तुलस्यान, अनिल सराफ, राम बूबना, विजय मोदी, सज्जन सिंघी, राकेश देवड़ा, प्रकाश थानेवाल, सुनील अग्रवाल, रूपेश सनथोलिया, विजय खेमका सहित त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग रहा। त्रिदेव मंदिर की इस भव्य सजावट और जल विहार झांकी ने रविवार को भक्तों को वृंदावन की फूलों भरी भक्ति और हिमालय जैसी शीतलता का एक साथ अनुभव कराया।

123

123

Share this story