बरेका में प्रश्नोत्तरी में कर्मचारियों के हिंदी ज्ञान की हुई परख, हिंदी के आधिकारिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने की पहल
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सोमवार को राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत राजभाषा लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने, जागरूकता विकसित करने और उनके ज्ञान का विस्तार करना रहा। प्रतियोगिता में अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन और मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी जानकारी और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सवाल राजभाषा हिंदी, हिंदी भाषा एवं साहित्य तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित विषयों पर आधारित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। कर्मचारियों ने सवालों के जवाब देकर हिंदी भाषा और साहित्य से जुड़ी अपनी जानकारी का परिचय दिया। बरेका के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को कार्यालयों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने की पहल के रूप में देखा गया। प्रतियोगिता के माध्यम से कर्मचारियों को राजभाषा के प्रति जागरूक करने और कार्यस्थल पर हिंदी के उपयोग के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया गया।
बरेका प्रशासन के अनुसार, राजभाषा पखवाड़ा के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों को हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित करना और राजभाषा संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना है। लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी इसी क्रम में आयोजित की गई।

