नगर निगम के दावों पर सवाल! फुलवरिया में महिलाओं ने खुद उठाया फरसा, शुरू किया सड़क निर्माण
वाराणसी। नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद फुलवरिया वार्ड की मूलभूत समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सबसे बड़ी समस्या सड़क की है, जिससे परेशान होकर स्थानीय लोगों ने खुद ही चंदा इकट्ठा कर सड़क बनानी शुरू कर दी। वरुणापुरी कॉलोनी में महिलाएं हाथों में फरसा लेकर सड़क निर्माण में जुटी नजर आईं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हुआ, इसलिए अब मजबूर होकर उन्हें खुद ही काम करना पड़ रहा है।

चार साल से खराब सड़क, चंदा जुटाकर शुरू कराया निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार वरुणापुरी कॉलोनी की सड़क पिछले करीब चार वर्षों से जर्जर पड़ी है। बरसात के दौरान सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है और आए दिन लोग गिरकर घायल होते हैं। लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार मोहल्ले के लोगों ने मिलकर प्रति परिवार करीब एक-एक हजार रुपये का सहयोग जुटाया और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया।
पार्षद पर लगाए अनदेखी के आरोप
स्थानीय निवासियों ने वार्ड की पार्षद मंजू पर गंभीर आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब समस्याओं के समाधान की जगह केवल औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती और केवल फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जाती है।
गंदा पानी, सफाई व्यवस्था और छुट्टा पशुओं से भी परेशानी
सड़क के अलावा क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नलों से गंदा पानी आ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसके साथ ही नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया जाता, कीटनाशक का छिड़काव नहीं होता और पूरे इलाके में छुट्टा पशुओं का आतंक बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इन समस्याओं की शिकायतें भी कई बार की गईं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं मिला।
लेन नंबर-3 में आठ साल से सड़क का इंतजार
फुलवरिया वार्ड की लेन नंबर-3 के लोगों ने भी सड़क निर्माण की मांग दोहराई। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि पिछले करीब आठ वर्षों से सड़क बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ। बरसात के मौसम में सड़क कीचड़ में बदल जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि कई बार गिरकर चोट लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोगों की मांग
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और संबंधित जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की सड़क, पेयजल, सफाई, कीटनाशक छिड़काव और छुट्टा पशुओं की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी अपने स्तर पर विरोध जारी रखेंगे।
देखें वीडियो

