क्वींस कॉलेज में 11 विद्यार्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप, 10 की फीस माफ, एक छात्र का हॉस्टल खर्च भी होगा वहन
वाराणसी। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। विद्यालय के पूर्व छात्र की स्मृति में शुरू की गई इस योजना के तहत कुल 11 विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
योजना के अंतर्गत 10 छात्रों की पूरे वर्ष की स्कूल फीस माफ की जाएगी, जबकि एक छात्र के लिए हॉस्टल की संपूर्ण वार्षिक फीस भी वहन की जाएगी। इसके लिए कुल 42,310 रुपये की राशि प्रदान की गई है।
बताया गया कि क्वींस कॉलेज के पूर्व छात्र स्वर्गीय सूर्यदेव प्रजापति के परिवार की ओर से यह सहयोग दिया गया है। उनके पुत्रों द्वारा अपने पिता की स्मृति में यह पहल की गई है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्र अपनी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रख सकें।
इसके अलावा यूपी बोर्ड की परीक्षा में छठी रैंक प्राप्त करने वाले छात्र को 51,000 रुपये की मेरिट स्कॉलरशिप देने की घोषणा भी की गई है। अन्य मेधावी छात्रों को भी 11,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह पहल छात्रों के लिए बेहद प्रेरणादायक है और इससे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण बनेगा। उन्होंने दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

