मोहनसराय हाईवे पर दर्दनाक हादसा : कंटेनर की चपेट में आकर पीडब्ल्यूडीकर्मी की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय हाईवे चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। प्रयागराज से कोलकाता की ओर जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क पार कर रहे कर्मचारी को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ाने का प्रयास किया, जिससे घायल व्यक्ति करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। इसके बाद चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
रोहनिया के अखरी पुलिस चौकी अंतर्गत छितौनी कोट गांव निवासी नंदलाल राजभर उर्फ संजय (35 वर्ष) लोक निर्माण विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में बेलदार पद पर कार्यरत थे। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। हादसे के बाद कंटेनर हाईवे पर खड़ा रहने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाया, जिसके बाद काफी प्रयास के बाद यातायात सामान्य हो सका। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज की धीमी प्रगति को लेकर भी फूट पड़ा। लोगों का कहना है कि मोहनसराय चौराहे पर लंबे समय से फुट ओवर ब्रिज का निर्माण अधूरा पड़ा है। इसके कारण पैदल राहगीरों को रोजाना व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ती है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यदि पुल समय पर बनकर तैयार हो गया होता तो इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता था। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने, चौराहे पर प्रभावी यातायात प्रबंधन लागू करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कंटेनर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषी चालक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

