28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 5.44 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियोरोधी खुराक, डीएम ने तैयारियों का जाना हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनपद में आगामी 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो विशेष अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पांच वर्ष तक के सभी लक्षित बच्चों को शत-प्रतिशत पोलियो की खुराक पिलाई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी कर्मियों को प्रशिक्षित करने तथा बीमार या प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों तक भी पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए गए सुपरवाइजरों और वैक्सीनेटरों का वेतन एवं मानदेय रोकने के भी निर्देश जारी किए गए।

123

बैठक में बताया गया कि इस बार जनपद में पांच वर्ष तक के कुल 5,44,106 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की शुरुआत 28 जून को बूथ दिवस के रूप में होगी। इस दिन जिले के 1811 बूथों पर बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बूथ दिवस पर सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित रहेंगे तथा बच्चों को बूथ तक लाने के लिए विशेष बुलावा टोली बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बूथों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कराया जाए और एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों पर ट्रांजिट टीमें तैनात की जाएं ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि अभियान के लिए 1265 घर-घर टीमें और 34 ट्रांजिट टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Share this story