वाराणसी में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, सीएमओ ने जागरुकता रैली को दिखाई हरी झंडी, 0 से 5 वर्ष के बच्चों को बूथों पर पिलाई जाएगी खुराक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनपद में रविवार से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद अवश्य पिलवाएं।

123

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान के तहत जनपद के सभी विकास खंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी जागरूकता रैलियां निकाली गईं। रैलियों में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों, नर्सिंग छात्र-छात्राओं तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर लेकर आमजन को पोलियो उन्मूलन अभियान से जुड़ने और प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाने का संदेश दिया।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि 28 जून (रविवार) को जनपद के सभी पोलियो बूथों पर बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून (सोमवार) से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।

123

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने सभी अभिभावकों से बूथों पर बच्चों को लेकर आने तथा घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर डब्ल्यूएचओ के सर्विलांस ऑफिसर डॉ. महेंद्र, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Share this story