सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों के पक्ष में थाने के बाहर प्रदर्शन, किशोरी के साथ गैंग रेप का मामला, लगाए गंभीर आरोप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में हिरासत में लिए गए तीन युवकों के पक्ष में महिलाओं और पुरुषों ने चौबेपुर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की। वहीं जमीन विवाद को लेकर युवकों को फर्जी तरीके से फंसाने का आरोप लगाया। डीसीपी से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। 

महिलाओं ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद में किशोरी और उसके परिजनों की ओर से युवकों को गैंग रेप के फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। 

पुलिस ने गैंगरेप मामले में रविवार की रात परिवार के सदस्यों को उठाया। आरोपी के परिजनों का कहना रहा कि जमीन विवाद को लेकर परिवार का नाम इस मामले में जोड़ा जा रहा है। घटना को लेकर गांव में भी तनाव की स्थिति है। एक पक्ष आरोपियों को कड़ी सजा की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष गलत मुकदमे में फंसाने के आरोप लगा रहा है। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मजिस्ट्रेट के सामने किशोरी का कलमबद्ध बयान दर्ज कराया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जाएगा। बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Share this story