बीएचयू में 10वें दिन भी संविदा कर्मचारियों का धरना जारी, लेबर कमिश्नर से हुई वार्ता
वाराणसी। बीएचयू के मधुबन पार्क में संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का धरना गुरुवार को दसवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान क्षेत्रीय लेबर कमिश्नर और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता की। कर्मचारी लंबे समय से स्थायीकरण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन से ठोस निर्णय की अपेक्षा जता रहे हैं।

डिप्टी रजिस्ट्रार शिव कुमार त्रिपाठी और ज्वाइंट रजिस्ट्रार संजय कुमार के साथ श्रम विभाग के अधिकारी मधुबन पार्क पहुंचे और कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से सुना। वार्ता को लेकर सकारात्मक संकेत मिले, जिसके बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को एलडी गेस्ट हाउस में आगे की बातचीत के लिए बुलाया गया। बैठक में कर्मचारियों ने वर्षों से सेवा देने के बावजूद स्थायी दर्जा न मिलने की समस्या प्रमुखता से उठाई।

रीजनल लेबर कमिश्नर ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर मंत्रालय को भेजी जाएगी। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने वार्ता को सकारात्मक बताया और समाधान की उम्मीद जताई। हालांकि अधिकारियों ने कर्मचारियों से पहले धरना समाप्त करने का सुझाव दिया, लेकिन कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

