प्रोफेसर वीके मिश्रा बने बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक, ईसी की आपात बैठक में नियुक्ति पर लगी मुहर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में बुधवार को कार्यकारिणी परिषद (एक्जीक्यूटिव काउंसिल-ईसी) की आपात बैठक में कृषि विज्ञान संस्थान के नए निदेशक की नियुक्ति पर मुहर लगी। प्रोफेसर वीके मिश्रा को कृषि विज्ञान संस्थान का नया निदेशक नियुक्त किया गया। प्रोफेसर वीके मिश्रा संस्थान की ओर से संचालित आयरन और जिंकयुक्त गेहूं की प्रजातियों के रिसर्च से जुड़े रहे। 

बैठक एलडी गेस्ट हाउस में आयोजित हुई, जिसमें कई सदस्य प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि कुछ सदस्य ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया ताकि किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

बीएचयू प्रशासन ने इस बार नियुक्ति प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरती। दरअसल, पिछली कार्यकारिणी परिषद की बैठक से पहले कुलसचिव (रजिस्ट्रार) की नियुक्ति को लेकर ईसी सदस्यों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। सदस्यों ने सवाल उठाया था कि इंटरव्यू के दिन ही परिणाम घोषित करने की इतनी जल्दबाजी क्यों की गई और कार्यकारिणी परिषद की सहमति के बिना नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप कैसे दे दिया गया।

ईसी सदस्यों की आपत्तियों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियुक्तियों में परिषद की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया। इसी के तहत कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक की नियुक्ति के लिए अलग से आपात बैठक बुलाकर सदस्यों की सहमति से सीलबंद लिफाफा खोला गया।

Share this story