काशी में 259 करोड़ से बिछेगा सीवर व पेयजल पाइपलाइन का जाल, प्रधानमंत्री मोदी रखेंगे आधारशिला, 18 वार्डों और रामनगर-सूजाबाद में बदलेगी व्यवस्था
वाराणसी। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अमृत-2.0 योजना के तहत 259 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीवर और पेयजल पाइपलाइन की तीन बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना की आधारशिला नरेंद्र मोदी द्वारा रखी जाएगी। इससे शहर के 18 अति-प्रभावित वार्डों और विस्तारित क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।

रामनगर में 190 करोड़ से सीवर नेटवर्क, हर घर को मिलेगा कनेक्शन
रामनगर जोन में सीवर नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगभग 190.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत तीन वार्डों में करीब 69.98 किमी ब्रांच लाइन और 3.4 किमी मेन लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही 10 एमएलडी क्षमता का एसटीपी और दो सीवर पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे। खास बात यह है कि 13,645 घरों को मुफ्त सीवर कनेक्शन दिया जाएगा।
सूजाबाद में 34.77 करोड़ से पेयजल योजना को मिली मंजूरी
सूजाबाद क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति के विस्तार के लिए लगभग 34.77 करोड़ रुपये की योजना को हरी झंडी मिल चुकी है। इससे क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे उनकी दैनिक समस्याएं काफी हद तक दूर होंगी।
18 वार्डों के लिए 33.44 करोड़ की अलग योजना
शहर के 18 अति-प्रभावित वार्डों में सीवर और पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 33.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। शासन द्वारा इन परियोजनाओं की पहली किश्त भी जारी कर दी गई है और नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिससे जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है।
पुरानी पाइपलाइन से मिलती थी समस्या, अब मिलेगा स्थायी समाधान
शहर में कई जगहों पर सीवर और पेयजल पाइपलाइन करीब 200 साल पुरानी हैं, जिससे सीवर ओवरफ्लो और पानी के लीकेज की समस्या बनी रहती थी। लगभग 48 प्रतिशत पानी लाइन लॉस हो जाता था। नई पाइपलाइन बिछने से इन समस्याओं पर लगाम लगेगी और पानी का प्रेशर भी बेहतर होगा।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य का निर्देश
शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि लागत न बढ़े और जनता को जल्द लाभ मिल सके।
महापौर बोले—काशी के विकास का नया अध्याय
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये परियोजनाएं काशीवासियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मील का पत्थर साबित होंगी।

