रामनगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वृद्धाश्रम बनकर तैयार, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रामनगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वृद्धाश्रम बनकर तैयार हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी दौरे के दौरान इसका उद्घाटन करेंगे। खास बात यह है कि यह वृद्धाश्रम किसी होटल या रिसॉर्ट से कम नहीं दिखता और यहां बुजुर्गों के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

123

46 कमरों में 100 बेड की व्यवस्था
रामनगर में पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर बने इस वृद्धाश्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को करेंगे। इस आश्रम में कुल 46 कमरे और लगभग 100 बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक डोरमेट्री भी बनाई गई है, जहां जरूरतमंद बुजुर्ग रह सकते हैं। सभी कमरे और डोरमेट्री पूरी तरह वातानुकूलित हैं और यहां रहने वाले लोगों के आराम का विशेष ध्यान रखा गया है।

गीजर, स्मार्ट टीवी की सुविधा
सुविधाओं की बात करें तो आश्रम में गर्म पानी के लिए गीजर, मनोरंजन के लिए स्मार्ट टीवी और स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण की व्यवस्था की गई है। साथ ही, बुजुर्गों के मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन के लिए सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों का भी प्रबंध किया गया है, जिससे वे यहां अपना समय सुखद तरीके से व्यतीत कर सकें।

123

पीपीपी मॉडल पर बनकर तैयार हुई है परियोजना
आश्रम के प्रबंधक भूपेंद्र सिंह के अनुसार, यह परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर पीपीपी मॉडल के तहत तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों को सम्मानजनक और सुविधाजनक जीवन प्रदान करना है। उद्घाटन से पहले ही कुछ बुजुर्ग यहां आकर रहने लगे हैं और वे यहां मिल रही सुविधाओं से काफी संतुष्ट हैं। कई बुजुर्गों ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वह लगभग सात हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। रामनगर का यह आधुनिक वृद्धाश्रम भी उन्हीं महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है, जो शहर के विकास और सामाजिक कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Share this story