प्रधानमंत्री मोदी का काशी में होगा भव्य स्वागत, 11 स्थानों पर बने स्वागत प्वाइंट, ढोल-नगाड़ों, डमरू दल और शंखनाद के साथ होगी पुष्पवर्षा
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्तूबर को प्रस्तावित वाराणसी आगमन को लेकर भाजपा ने भव्य स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन से नमोघाट तक उनके यात्रा मार्ग पर 11 स्थानों पर स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, डमरू दल का वादन, शंखनाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से काशी में उत्सवी माहौल बनाने की तैयारी है।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को पूर्वाह्न 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा नमोघाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे।
ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से होगा अभिनंदन
अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान विभिन्न स्वागत केंद्रों पर भाजपा कार्यकर्ता और काशीवासी मौजूद रहेंगे। उनके स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई जाएंगी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, डमरू दल और शंखनाद के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी है। तैयारियों का उद्देश्य काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करना है।
इन 11 स्थानों पर बनाए गए स्वागत केंद्र
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष के अनुसार, प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहा, खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने, हुकुलगंज तिरमुहानी, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेलवे अंडरपास, भदऊं चुंगी, रेलवे पुल से पहले, नमोघाट जाने वाली ढलान और नमोघाट मोड़ स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। नमोघाट पर भी विशेष स्वागत की व्यवस्था रहेगी।
एयर शो के बाद दिल्ली होंगे रवाना
अशोक चौरसिया ने बताया कि नमोघाट पर आयोजित एयर शो दोपहर दो बजे समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे और फिर विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ता स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

