पीएम मोदी ने वाराणसी को दी गारमेंट फैक्ट्री की सौगात, पूर्वांचल में खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

WhatsApp Channel Join Now

प्रधानमंत्री ने खोचवां में अरविंद मिल के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया लोकार्पण, कामगार महिलाओं से किया संवाद

करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 7-8 एकड़ में स्थापित हुई इकाई, 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती

दो चरणों में विस्तार से हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद, स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट सहित विभिन्न परिधानों का होगा उत्पादन

जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे नामी ब्रांडों के कपड़े बनाने की तैयारी, ‘अपना हुनर, अपनी पहचान’ के तहत महिलाओं से काम और चुनौतियों पर चर्चा

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को औद्योगिक विकास की नई सौगात दी। मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में उन्होंने गुजरात के अहमदाबाद स्थित कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का लोकार्पण किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात से आठ एकड़ में स्थापित इस इकाई से पूर्वांचल में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने प्लांट में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं कामगार महिलाओं से संवाद भी किया और उनके कार्य, अनुभव तथा चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।

पूर्वांचल में अरविंद मिल का यह पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बताया गया है। इसके शुरू होने से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। कंपनी की ओर से 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है, जिन्हें यूनिट में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्लांट के आगामी दो चरणों में विस्तार के बाद हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

123

महिलाओं से पूछा काम का अनुभव, देखीं उत्पादन की तैयारियां
प्लांट के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री ने कंपनी के पदाधिकारियों से उत्पादन प्रक्रिया और यहां तैयार किए जाने वाले कपड़ों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खादी से बने कपड़ों सहित विभिन्न वस्त्रों की सामग्री और उनकी विशेषताओं के बारे में भी जाना। परिसर में लगाए गए उत्पादों के प्रदर्शनी स्थल का अवलोकन किया।

‘अपना हुनर, अपनी पहचान’ की भावना के तहत प्रधानमंत्री ने प्रशिक्षण ले रहीं महिलाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनके कामकाज, प्रशिक्षण के अनुभव और काम के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता देकर रोजगार से जोड़ने की पहल को इस औद्योगिक परियोजना का महत्वपूर्ण पहलू माना जा रहा है।

123

स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का होगा उत्पादन
खोचवां स्थित इस प्लांट में स्पोर्ट्स वियर, अंडरगारमेंट और अन्य परिधानों का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी की योजना के तहत जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांडों के लिए भी यहां निर्माण कार्य किया जाएगा। इकाई के संचालन से पूर्वांचल में कपड़ा और परिधान निर्माण से जुड़े औद्योगिक तंत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अरविंद लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी। इसका मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है। कंपनी धागे और कपड़े से लेकर तैयार परिधान तथा औद्योगिक उपयोग के विशेष वस्त्रों तक के कारोबार में सक्रिय है। डेनिम, सूती, लिनेन और स्पोर्ट्स वियर से जुड़े उत्पाद इसके प्रमुख क्षेत्रों में शामिल हैं।

123

पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
वाराणसी में गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना को स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे कपड़ा निर्माण के साथ प्रशिक्षण, उत्पादन और अन्य सहायक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। प्लांट के आगामी चरण पूरे होने पर रोजगार के अवसरों में और वृद्धि होने की उम्मीद है।

123

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे। खोचवां पहुंचने पर हेलीपैड पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।

BK Pathak
BK Pathak

21391 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story