डिजिटल जनगणना में वाराणसी को अव्वल बनाने की तैयारी, महापौर ने पार्षदों को सौंपी जागरुकता की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now

16 से 30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना, नगर आयुक्त ने समझाई ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया, 40 बिंदुओं पर भरनी होगी जानकारी, मिलेगी 11 अंकों की एसई आईडी

वाराणसी। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत चल रही स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम सभागार में पार्षदों की विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी और अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने पार्षदों को स्व-गणना की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी। साथ ही अपने-अपने वार्डों में नागरिकों को ऑनलाइन गणना के लिए प्रेरित करने की अपील की।

बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि स्व-गणना अभियान में जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पार्षद अपने-अपने वार्डों में लोगों को इस डिजिटल पहल के प्रति जागरूक करें और उन्हें घर बैठे ऑनलाइन विवरण भरने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि शहर के प्रथम नागरिक होने के नाते उन्होंने स्वयं भी अपने आवास की स्व-गणना पूरी कर ली है। उन्होंने नागरिकों से भी अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

123

30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कराएं विवरण
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर मोबाइल नंबर और नाम के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ओटीपी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर परिवार से जुड़े 40 बिंदुओं पर मांगी गई जानकारी भरनी होगी। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की एसई आईडी (सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी) प्राप्त होगी। इसे भविष्य में सत्यापन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है।

12222222
डेटा रहेगा सुरक्षित और गोपनीय
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्व-गणना के दौरान दर्ज की जाने वाली जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी। इस आंकड़े का उपयोग भविष्य में शहर और देश के विकास की योजनाएं तैयार करने में किया जाएगा। उन्होंने पार्षदों से कहा कि वे नागरिकों की शंकाओं का समाधान करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ें।

अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने भी वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्व-गणना में अधिक भागीदारी होने से आगे प्रगणकों के घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने का कार्य भी सुगम होगा। बैठक में पार्षदों से इस अभियान को जनभागीदारी का रूप देने और निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिक से अधिक परिवारों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने की अपील की गई।

BK Pathak
BK Pathak

21823 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story