रथयात्रा मेले की तैयारियां तेज, प्लास्टिक मुक्त होगा मेला क्षेत्र, दुकानदारों से लिया जाएगा शपथ पत्र

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रथयात्रा मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष भी पूरे मेला क्षेत्र को प्रतिबंधित प्लास्टिक (पॉलीथिन) मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत मेले में दुकान, ठेला और गुमटी लगाने वाले सभी व्यापारियों से पहले ही शपथ पत्र भरवाया जाएगा, ताकि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जा सके।

शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में रथयात्रा मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रथयात्रा मार्ग की मरम्मत का कार्य तत्काल पूरा कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने जलकल विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र और उससे जुड़े मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की स्वच्छ छवि को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी जिम्मेदार अधिकारी तय समय सीमा में अपने दायित्वों का गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करें।

समीक्षा बैठक में चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, जलकल के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित अभियंत्रण, स्वास्थ्य, सफाई और जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को मेले से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूरी करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Share this story