जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, वाराणसी में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है। सोमवार को यूपी कॉलेज के सभागार में प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के लिए जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच का प्रशिक्षण शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 मार्च तक चलेगा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनगणना के महत्व को बताया। 

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के दूसरे बैच का कार्यक्रम 19 मार्च से 23 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रक्रिया, परिभाषाओं, हाउस लिस्टिंग, लेआउट मैप तैयार करने तथा आंकड़ों के संग्रहण की विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

123

प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने स्वयं उपस्थित होकर अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के महत्व और उसकी गोपनीयता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिससे विकास योजनाओं की दिशा तय होती है। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोग इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले सकें। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण के अंतर्गत “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक कराया जाएगा। इसके पूर्व 7 मई से 21 मई 2026 के बीच आम नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी।

Share this story