संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व पर भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी, 131 कलशों की यात्रा निकली, सीएम योगी करेंगे शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत वाराणसी में भव्य कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को संत रविदास स्मारक स्थल से मंदिर तक 131 पवित्र कलशों की भव्य यात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग 250 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता की। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने संत रविदास के जयघोष के साथ सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया।

123

कलश यात्रा संत रविदास स्मारक स्थल से प्रारंभ होकर मंदिर परिसर पहुंची, जहां सभी 131 कलशों की विधि-विधान से स्थापना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।

123

29 जुलाई को होगा मुख्य समारोह
आयोजकों के अनुसार बुधवार, 29 जुलाई को स्थापित कलशों को जनसभास्थल तक ले जाया जाएगा। यहां शाम लगभग 5 बजे आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा संत समाज के प्रमुख संत निरंजन दास की उपस्थिति में कलश पूजन किया जाएगा। इसके बाद सभी अतिथि सामाजिक समरसता और संत रविदास के विचारों पर सभा को संबोधित करेंगे।

123

मुख्य कार्यक्रम के समापन पर 131 पवित्र कलश देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सौंपे जाएंगे, ताकि वे इन्हें अपने-अपने राज्यों में ले जाकर संत रविदास के समरसता संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सकें।

123

30 जुलाई से राज्यों के लिए रवाना होंगे प्रतिनिधि
30 जुलाई को देश के 27 राज्यों से आए प्रतिनिधि इन कलशों के साथ अपने-अपने प्रदेशों के लिए रवाना होंगे। इसी के साथ उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में भी कलश संग्रह टोलियां निकलेंगी, जो संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगी।

123

पांच चरणों में चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि संत रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शुरू किया गया 'समरसता संकल्प अभियान' आगामी 20 फरवरी तक पांच चरणों में संचालित किया जाएगा।

123

अभियान के अंतर्गत प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार होंगे -
- 29 जुलाई से 10 सितंबर: गुरु रविदास कलश वंदन अभियान (राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर)
- 29 जुलाई से 31 अगस्त: संत संपर्क अभियान
- 5 अक्तूबर से 5 नवंबर: गुरु रविदास समरसता यात्रा (जालंधर से काशी)
- 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027: गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान
- समरसता दीप अभियान: देशभर में दीपोत्सव एवं सामाजिक समरसता के कार्यक्रम

123

रविदास घाट पर जलेंगे 11 हजार दीप
अभियान के अंतर्गत गुरु रविदास समरसता दीप अभियान भी विशेष आकर्षण रहेगा। इसके तहत रविदास घाट पर 11,000 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जबकि श्री रविदास स्मारक स्थल पर भी दीपोत्सव का आयोजन होगा। 29 जुलाई को देशभर के संत रविदास मंदिरों के साथ-साथ भाजपा के सभी मंडल स्तरों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

123

श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं
मुख्य कार्यक्रम में आने वाले संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दो दिनों तक उनके ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था रहेगी। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आने वाले लोगों के लिए 600 बसों तथा वाराणसी जनपद के लिए 400 बसों की व्यवस्था की गई है। स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने के लिए 500 ऑटो-रिक्शा एवं छोटे वाहनों की भी व्यवस्था रहेगी।

इसके अतिरिक्त कलश यात्रा के लिए 131 विशेष कलश तैयार कराए गए हैं तथा कार्यक्रम में आने वाले संत-महात्माओं को 500 विशेष किट बैग वितरित किए जाएंगे। भोजन प्रसाद, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है। संत रविदास के समता, सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह अभियान वाराणसी से पूरे देश में सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित करेगा।

Share this story