भगवानपुर को जलजमाव से राहत दिलाने की तैयारी, सामने घाट नाले पर बनेगा फ्लड गेट
वाराणसी। वर्षा और बाढ़ के दौरान भगवानपुर व आसपास के इलाकों में होने वाले जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। सामने घाट स्थित नाले पर प्रॉपर बंधी यानी फ्लड गेट का निर्माण कराया जाएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस संबंध में तत्काल प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नगर आयुक्त ने रविवार को शहर के कई प्रमुख मार्गों और सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिगरा से घंटी मिल, नगर निगम फल मंडी से तिलक मूर्ति, सिगरा से औरंगाबाद तथा लंका रविदास गेट से ट्रॉमा सेंटर मार्ग तक कार्यों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खराब फिनिशिंग, अधूरे कार्य और धीमी गति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। वेंडरों को अंतिम चेतावनी देते हुए उन्होंने तय समय में कार्य सुधारने के निर्देश दिए।
सिगरा से घंटी मिल मार्ग पर पाथवे के पत्थर असमान पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल घिसाई कर इन्हें बराबर कराने को कहा। पाथवे की टाइल्स पर सीमेंट और बालू जमा मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। मार्ग पर डिश और केबल ऑपरेटरों के बेतरतीब लटके तारों को लेकर निर्देश दिया गया कि तीन दिनों के भीतर इन्हें भूमिगत डक्ट में डाला जाए, अन्यथा केबल काटने की कार्रवाई की जाएगी।

जलकल और जल निगम के बीच समन्वय की कमी के कारण कुछ घरों के कनेक्शन छूटे पाए गए। नगर आयुक्त ने ऐसे सभी कनेक्शनों को तीन दिन में जोड़ने की हिदायत दी। कमला नगर द्वार के पास विद्युत विभाग द्वारा बिना एनओसी पाथवे काटकर केबलिंग किए जाने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि जब डक्ट बनाए गए हैं, तो मरम्मत और केबलिंग का कार्य उसी के माध्यम से होना चाहिए। नियम विरुद्ध रोड कटिंग पर कार्रवाई की बात कही गई।
शहर की सुंदरता को नुकसान पहुंचाने वालों पर भी नगर आयुक्त ने तल्ख रुख अपनाया। स्ट्रीट पोल्स पर पोस्टर और पंपलेट चिपकाने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। काशी विद्यापीठ के कुलपति आवास की बाउंड्री वॉल पर बनी महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की म्यूरल कलाकृतियों को रंगीन रूप में सजाने के निर्देश दिए गए, ताकि वे और आकर्षक दिखें।

सिगरा-औरंगाबाद मार्ग पर रामलीला स्थल के पास कच्चा-पक्का अतिक्रमण हटाकर भव्य रामलीला मंच, बेंच, हॉर्टिकल्चर कार्य और ग्रीन एरिया विकसित करने का प्रस्ताव मांगा गया है। इसके लिए नायब तहसीलदार को विशेष अभियान चलाने को कहा गया। लंका से ट्रॉमा सेंटर मार्ग के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ऊंचे-नीचे सीवर चेंबरों को सड़क के बराबर करने और शेष वाटर कनेक्शनों को दो दिन में डक्ट से जोड़ने के निर्देश दिए। बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर तिराहे के पास क्षतिग्रस्त नाले के ढक्कन को तत्काल बदलने को कहा गया। निरीक्षण में पार्षद प्रतिनिधि, अभियंता और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

