संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज, कुलपति ने लाल भवन और शताब्दी भवन का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में 29 जुलाई को प्रस्तावित 44वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समारोह को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक लाल भवन और शताब्दी भवन अतिथि गृह का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने निर्माण कार्य, जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा सहित समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई को पूर्वाह्न 9 बजे मुख्य भवन में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह से पहले सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का सबसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन होता है, इसलिए इसकी प्रत्येक व्यवस्था विश्वविद्यालय की गरिमा, अनुशासन और भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन को ऐसा स्वरूप दिया जाए, जिससे यह विद्यार्थियों, अतिथियों और विश्वविद्यालय परिवार के लिए यादगार बन सके।

कुलपति ने बताया कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल जीर्णोद्धार के बाद ऐतिहासिक लाल भवन और शताब्दी भवन अतिथि गृह का लोकार्पण भी करेंगी। इसे देखते हुए दोनों भवनों में चल रहे शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने और उनकी आकर्षक सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही समारोह के दौरान सुरक्षा, यातायात, अतिथि सत्कार और अन्य व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आयोजन विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान कुलसचिव राकेश कुमार सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने निर्धारित समय के भीतर तैयारियां पूरी करने का आश्वासन दिया।

Share this story