कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 54 आरोपियों की संपत्ति होगी जब्त
वाराणसी। चर्चित कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल समेत 54 आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी तेज हो गई है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के पिता और शैली ट्रेडर्स का प्रोपराइटर भोला जायसवाल सोनभद्र जेल में बंद हैं। बेटे शुभम की तलाश में इंटरपोल भी लगी हुई है। फिलहाल नवंबर के बाद से कमिश्नरेट पुलिस को शुभम की लोकेशन नहीं मिली है। शुभम के प्रह्लाद घाट स्थित कायस्थ टोला का मकान, सिगरा के बादशाहबाग का मकान, रामकटोरा का मकान और पिंडरा की जमीन को कमिश्नरेट पुलिस और सोनभद्र पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है।
अपराध से अर्जित संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई कोतवाली की एसआईटी ने शुरू कर दी है। उच्चाधिकारियों के अनुसार, शैली ट्रेडर्स से जुड़कर तस्करी करने वाले 36 आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

