कुंभ की तर्ज पर जनरल टिकट देने की तैयारी, यात्रियों को होगी सहूलियत
वाराणसी। कुंभ मेले की तर्ज पर अब रेलवे यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और टिकट व्यवस्था को सुगम बनाने की तैयारी कर रहा है। रेलवे की ओर से वाराणसी से लेकर प्लेटफॉर्म पर जनरल टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। इससे यात्रियों को टिकट लेने के लिए स्टेशन के भीतर लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिल सकती है।
रेलवे बोर्ड की ओर से मोबाइल आधारित व्यवस्था के जरिए अनारक्षित टिकटों के साथ प्लेटफॉर्म टिकट भी उपलब्ध कराने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए यात्रियों को मोबाइल फोन के माध्यम से टिकट लेने की सुविधा दी जा सकती है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को निर्धारित समय तक ही स्टेशन परिसर में प्रवेश की अनुमति देने की व्यवस्था भी की जा सकती है। इससे स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और यात्रियों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।
इस व्यवस्था के तहत कुंभ मेले में जिस तरह यात्रियों को निर्धारित समय के लिए टिकट उपलब्ध कराया गया था, उसी तर्ज पर काशी में भी व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इससे खासकर त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और विशेष अवसरों पर स्टेशन पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में रेलवे को मदद मिलेगी।

