एयरपोर्ट को रेल मार्ग से जोड़ने की तैयारी, रेलवे मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को रेल मार्ग से जोड़ने की पहल शुरू हो गई है। एयरपोर्ट निदेशक ने इसके लिए रेलवे मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है। कैंट रेलवे स्टेशन से बाबतपुर तक लोकल ट्रेन चलाने की योजना है। इससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी और जाम से निजात मिलेगा। 

बाबतपुर एयरपोर्ट से रोजाना लगभग 90 विमानों का संचालन होता है। एयरपोर्ट से करीब 12 हजार यात्री सफर करते हैं। आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है। वर्तमान में एयरपोर्ट का विस्तारीकरण किया जा रहा है। एयरपोर्ट पर मल्टीलेवल पार्किंग, आठ एयरोब्रिज के साथ पांच हजार यात्री क्षमता वाला नया टर्मिनल भवन, रनवे के नीचे अत्याधुनिक सुविधा और सुरक्षायुक्त टनल निर्माण शामिल है। 

यात्री सड़क मार्ग से एयरपोर्ट पहुंचते हैं। उन्हें आवागमन में जाम का सामना करना पड़ता है। इससे अधिक समय लगता है और कई यात्रियों के विमान छूट जाते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट को रेलवे से जोड़ने की कवायद की जा रही है। यह परियोजना आने वाले दिनों में आकार ले सकती है।

Share this story