बनकटी हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार की तैयारी, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी स्थित बनकटी हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार और उसे हेरिटेज स्थल के रूप में विकसित किए जाने के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोमवार को लखनऊ स्थित सात कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मंदिर के प्रधान पुजारी द्वारा यह मामला उठाए जाने के बाद उप मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव पर्यटन को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ं

प्रधान पुजारी ने रखा मंदिर के विकास का प्रस्ताव
जनता दर्शन कार्यक्रम में वाराणसी के बनकटी हनुमान मंदिर के प्रधान पुजारी श्री गिरीश कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में स्थित इस प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार तथा इसे हेरिटेज स्थल के रूप में विकसित किए जाने की मांग रखी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख सचिव पर्यटन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों की सुनी समस्याएं
जनता दर्शन कार्यक्रम में फिरोजाबाद, प्रतापगढ़, प्रयागराज, इटावा, लखीमपुर खीरी, कौशाम्बी, अलीगढ़, चंदौली, मिर्जापुर समेत कई जनपदों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों और जिलों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

ं

कई मामलों में अधिकारियों से की सीधी बातचीत
उप मुख्यमंत्री ने कुछ महत्वपूर्ण मामलों में प्रयागराज, अलीगढ़, चंदौली, मिर्जापुर के जिलाधिकारियों तथा लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की भी हिदायत दी गई।

ं

विकास कार्यों और आर्थिक सहायता की मांगों पर भी हुई कार्रवाई
जनता दर्शन में तालाब के जीर्णोद्धार, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास, सड़क चौड़ीकरण, खेल मैदान निर्माण, बिजली और सड़क संबंधी कार्यों के साथ गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता से जुड़े प्रकरण भी सामने आए। उप मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ं

'जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता'
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचाना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

Share this story