वाराणसी पुलिस लाइन में महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड को लेकर तैयारी, 26 अप्रैल को सीएम करेंगे संबोधित, पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। पुलिस लाइन में 491 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

123

उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल को सुबह 8:30 बजे आयोजित होने वाली इस परेड में सभी प्रशिक्षु महिला आरक्षी हिस्सा लेंगी। पुलिस लाइन परिसर में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रशिक्षु पूरे जोश के साथ अपनी तैयारियों में जुटी हैं। इस विशेष अवसर पर योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए कार्यक्रम में शामिल होकर महिला आरक्षियों को संबोधित करेंगे। उनका संदेश नव-नियुक्त पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक साबित होने की उम्मीद है।

123

पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि परेड को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कुल 18 टोलियों का गठन किया गया है, जिनमें सभी 491 महिला आरक्षियों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं के परिजनों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे आयोजन का माहौल और अधिक भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण बनेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में लगभग 60,500 महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई थी, जिनका प्रशिक्षण प्रदेश के विभिन्न जिलों में चल रहा है। यह पहल पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये सभी महिला आरक्षी थानों में तैनात होकर पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगी।

Share this story