शानदार मुकाबले में प्रीति यादव के गोल से बरेका फुटबॉल नर्सरी की जीत, महिला फुटबॉल लीग के खिताब पर जमाया कब्जा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में आयोजित महिला फुटबॉल लीग के सीनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला शनिवार को रोमांच और कड़े संघर्ष के बीच खेला गया। बरेका फुटबॉल नर्सरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुमायूं हीरोज को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले में प्रीति यादव का किया गया निर्णायक गोल बरेका टीम की जीत का आधार बना। कुमायूं हीरोज को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।

 

पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भैरव दत्त के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ अनुराग कुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

123

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने तेज गति, सटीक पासिंग और बेहतर गेंद नियंत्रण के साथ एक-दूसरे के खिलाफ लगातार आक्रमण किए। दोनों टीमों की रक्षापंक्ति ने भी कई मौकों पर बेहतरीन बचाव किया। मुकाबले के निर्णायक क्षण में बरेका फुटबॉल नर्सरी की प्रीति यादव ने शानदार मूव को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। गोल के बाद कुमायूं हीरोज की खिलाड़ियों ने बराबरी हासिल करने के लिए आक्रामक खेल अपनाया, लेकिन बरेका की मजबूत रक्षापंक्ति और अनुशासित रणनीति के सामने उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।

 

बरेका की ओर से प्रीति यादव के साथ अंजलि यादव और रिया ने भी बेहतरीन तालमेल और तेज खेल का प्रदर्शन किया। वहीं कुमायूं हीरोज की चांदनी पटेल और वंदना ने लगातार संघर्ष करते हुए अपनी टीम को वापसी दिलाने का प्रयास किया। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद बरेका फुटबॉल नर्सरी की जीत पर मैदान में खुशी का माहौल छा गया। फाइनल देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धक नारों के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।

समापन समारोह में अनुराग कुमार गुप्ता और राजेश कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। अनुराग कुमार गुप्ता ने कहा कि महिला फुटबॉल लीग जैसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती हैं और महिलाओं में खेल के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। राजेश कुमार ने आयोजन से जुड़े आयोजकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बरेका खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसी प्रतियोगिताओं से भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाएं सामने आएंगी। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी नरेश यादव, एफसी बनारस के अखिलेश सिंह, विनोद सिंह, पंकज पांडेय, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Share this story