बरेका में ‘पूल्ड वाहन दिवस’ का आयोजन, साझा सफर से दिया ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण, मितव्ययता और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के आह्वान के क्रम में बरेका में शनिवार को “पूल्ड वाहन दिवस” का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस पहल के तहत बरेका के प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों और अधिकारियों ने कार्यालय आने-जाने के लिए साझा वाहन व्यवस्था अपनाई। कई अधिकारी एक ही वाहन में सामूहिक रूप से कार्यालय पहुंचे, जिससे ईंधन की खपत कम हुई और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई।

इस दौरान कई अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए साइकिल से कार्यालय पहुंचना पसंद किया, जबकि कुछ अधिकारी पैदल ही कार्यालय पहुंचे। इस पहल ने कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरणीय जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश दिया।

बरेका प्रशासन का मानना है कि इस तरह के प्रयास न केवल ऊर्जा संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि कर्मचारियों के बीच सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं। अधिकारियों ने कहा कि साझा वाहन व्यवस्था अपनाने से यातायात का दबाव कम करने और प्रदूषण घटाने में भी मदद मिल सकती है।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बरेका प्रशासन भविष्य में भी ऐसी पर्यावरण हितैषी और जन-जागरूकता से जुड़ी पहलों को लगातार प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि “हरित एवं स्वच्छ कार्य संस्कृति” को मजबूत बनाने के लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत है। बरेका की यह पहल वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण के रूप में देखी जा रही है। इससे यह संदेश भी गया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर समाज और पर्यावरण के लिए बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

